यूपी: 2 फरवरी से शुरू होगा विधानमंडल का सत्र, अधिसूचना जारी

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के दोनों सदनों (विधान सभा और विधान परिषद) का वर्ष 2024 का प्रथम सत्र सुबह 11 बजे 2 फरवरी से शुरू होगा।

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के दोनों सदनों (विधान सभा और विधान परिषद) का वर्ष 2024 का प्रथम सत्र सुबह 11 बजे 2 फरवरी से शुरू होगा। इस दिन उप्र की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दोनों सदनों को विधानसभा मंडप में एक साथ संबोधित करेंगी। शनिवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉक्टर राजेश सिंह ने बताया कि दो फरवरी को सदन के सत्र की शुरुआत होगी और उस दिन सुबह 11 बजे विधानसभा मंडप में राज्यपाल दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेंगी। एक अधिकारी ने बताया कि कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सत्र का विधिवत कार्यक्रम तय किया जाएगा।

योगी सरकार 6 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए सालाना बजट पेश कर सकती है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत दो फरवरी को हो रही है। लोकसभा चुनाव का साल होने के चलते इस बार के बजट में कई लोकलुभावन योजनाओं का ऐलान किया जा सकता है।

विधानसभा सचिवालय के मुताबिक राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बजट सत्र के आयोजन की अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले प्रदेश मंत्रिपरिषद ने बजट सत्र के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। विधानसभा का सत्र 9 फरवरी तक चलने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि 6 फरवरी को सालाना बजट पेश किया जा सकता है।

बजट में विकास की नई योजनाओं के साथ ही चल रही बड़ी परियोजनाओं जैसे गंगा एक्सप्रेस वे, जेवर एयरपोर्ट, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण व मेट्रो परियोजनाओं के लिए धनराशि का आवंटन किया जा सकता है। बजट सत्र के लिए सर्वदलीय बैठक पहली फरवरी को बुलाई जाएगी और उसी दिन कार्यमंत्रणा समिति की भी बैठक होगी।

सत्र में प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड के साथ ही माफिया अतीक और अशरफ की हत्या के मामले की न्यायिक जांच की रिपोर्ट पेश की जा सकती है। निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button