मध्य प्रदेश: पटाखा फैक्ट्री मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, अब तक 12 की मौत, 200 लोग घायल

मध्य प्रदेश के हरदा में मंगलवार को बड़ा भीषण हादसा हुआ है, जब एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया।

मध्य प्रदेश के हरदा में मंगलवार को बड़ा भीषण हादसा हुआ है, जब एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। इस दौरान आग की चपेट में आने से करीब 60 घरों में आग लग गई। अभी तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है और 200 लोग घायल हैं। हालांकि, यह आकंड़ा बढ़ सकता है।

बता दें कि पटाखों की यह फैक्ट्री मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। धमाका मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। धमाका इतना तेज था कि पूरे शहर में इसकी आवाज सुनाई दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। करीब एक घंटे तक धमाके होते रहे।

हादसे के बाद पास की सड़क पर वाहन उछलकर दूर गिर गए। कुछ लोगों की मौत सड़क पर ही हो गई। उनकी लाशें सड़क किनारे पड़ी है। फिलहाल घायलों को फौरन अस्पताल ले जाकर इलाज किया जा रहा है।

मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने तत्काल घटना का संज्ञान लेते हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह, एसीएस अजीत केसरी, डीजी होम गार्ड अरविंद कुमार हेलीकॉप्टर से जाने के निर्देश दिए है। मामले को लेकर भोपाल में भी अलर्ट जारी किया है। अस्पतालों में पूरी व्यवस्था के कड़े निर्देश दिए गए हैं। भोपाल से घटनास्थल पर करीब 108 एम्बुलेंस भेजी गई है और खंडवा और होशंगाबाद से भी एबुलेंस पहुंच रही है।

इस दुखद घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। पीएमओ की ओर से एक्स प्लेटफॉर्म से ट्वीट किया गया। इस ट्वीट में पीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मृत्यु से व्यथित हूँ। उन सभी के प्रति संवेदना है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। इस घटना में मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये पीएमएनआरएफ फंड से दिया जाएगा।

हरदा की पटाखा फैक्ट्री में हुई आगजनी की घटना दर्दनाक है। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। मैंने आज छिंदवाड़ा जिले के अहरवाड़ा गांव का रात्रि प्रवास कार्यक्रम स्थगित किया है। हम आगजनी की घटना के दोषियों को नहीं छोड़ेंगे। राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी। राहत कार्य और घायलों को उपचार प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।

इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना के संबंध में मंत्रालय में आपात बैठक ली, अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने हरदा फैक्ट्री विस्फोट मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सारंगपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल और उनके सहयोगी रफीक खान को गिरफ्तार किया है। सभी लोग कार से उज्जैन भाग रहे थे। पुलिस ने उन्हें सूचना मिलने के बाद गिरफ्तार किया है।

इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज हरदा रवाना होंगे। मुख्यमंत्री मृतकों के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं, साथ ही अस्पताल में भर्ती घायलों का भी हाल जानेंगे।

Related Articles

Back to top button