‘दंगल’ गर्ल सुहानी भटनागर का 19 वर्ष की आयु में मौत

आमिर खान के साथ छोटी बबीता फोगाट के किरदार में किया था काम

मुंबई । आमिर खान की सुपरहिट फिल्म दंगल में छोटी बबीता फोगाट का किरदार निभाने वाली सुहानी भटनागर का निधन हो गया। महज 19 साल की उम्र में सुहानी दुनिया को छोड़कर चली गईं। बताया जा रहा है कि सुहानी का एक्सीडेंट हो गया था, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इसके कारण काफी समय से उनका इलाज चल रहा था और वह अस्पताल में भर्ती थी।

गौरतलब है कि इलाज के दौरान उन्होंने जो दवाएं लीं, उनका उन पर इतना दुष्प्रभाव हुआ कि धीरे-धीरे उनके शरीर में तरल पदार्थ जमा होने लगा। वह काफी समय से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थीं। आज सुहानी का अंतिम संस्कार फरीदाबाद के सेक्टर-15 स्थित अजरौंदा श्मशान घाट पर किया जाएगा।

सुहानी भटनागर बॉलीवुड की मशहूर बाल कलाकार थीं। उन्हें आमिर खान अभिनीत ब्लॉकबस्टर फिल्म “दंगल” (2016) में बबीता फोगट के युवा संस्करण के रूप में उनकी भूमिका के लिए प्रसिद्धि मिली। फिल्म में उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई। उन्होंने कई टेलीविजन विज्ञापनों में भी काम किया था। दंगल के बाद सुहानी के पास कई फिल्मों के ऑफर आए, लेकिन उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेने का फैसला किया। वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थी।

कई इंटरव्यू में सुहानी ने बताया था कि पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में लौटने का प्लान बनाया था। एक्ट्रेस 25 नवंबर 2021 के बाद से अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक्टिव नहीं हैं। हालांकि, इससे पहले वह अक्सर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती थीं। सुहानी का ट्रांसफॉर्मेशन देखकर लोग हैरान रह गए। उनका लुक काफी बदल गया था।

Related Articles

Back to top button