बाराबंकी के डिस्ट्रिक्ट जज पंकज कुमार सिंह का सुबह हार्ट अटैक से निधन

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के डिस्ट्रिक्ट जज पंकज कुमार सिंह का शुक्रवार सुबह हार्ट अटैक से 60 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। 8 जुलाई 2024 से जिला जज बाराबंकी के तौर पर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे पंकज कुमार सिंह आगामी 30 जून 2025 को रिटायर होने वाले थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही न्यायायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं समेत कचहरी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।

मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के निवासी पंकज कुमार सिंह वर्ष 2011 में एडीजे के तौर पर न्यायायिक सेवा में भर्ती हुए थे। जनपद बाराबंकी में तैनाती से पहले वो उन्नाव, आगरा, लखनऊ, बुलंदशहर जनपदो में अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए जिला बार अध्यक्ष हिसाल बारी किदवई ने कहा कि न्यायपालिका में कुछ नाम ऐसे होते हैं, जो अपने कार्यों से एक अमिट छाप छोड़ जाते हैं।

पंकज कुमार सिंह उन्हीं में से एक थे। न्याय के प्रति उनका समर्पण, वादकारियों और अधिवक्ताओं के प्रति संवेदनशीलता और निष्पक्ष फैसलों की प्रतिबद्धता ने उन्हें एक न्यायाधीश से बढ़कर, एक लोकप्रिय और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बना दिया था।

वही, वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व बार अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा कहते हैं, हमारी 34 साल की प्रैक्टिस में ऐसा न्यायाधीश पहली बार देखा, जिसने न्याय की प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाया। वह हमेशा त्वरित न्याय देने में अग्रणी रहे और सभी के लिए सुलभ थे। वे केवल एक कुशल न्यायाधीश ही नही, बल्कि एक ऐसे मार्गदर्शक भी थे, जिनके पास कोई भी वकील, वादकारी या कर्मचारी बिना किसी झिझक के अपनी बात रख सकता था। उनके दरवाजे न्याय की तलाश में आने वाले हर व्यक्ति के लिए खुले रहते थे।

Related Articles

Back to top button