
मथुरा । विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले दिन मथुरा के वृंदावन पहुंचे। मंगलवार सुबह उन्होंने केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। पत्नी अनुष्का शर्मा भी साथ रहीं। विराट और अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज से करीब 15 मिनट बात की। दोनों केली कुंज आश्रम में 2 घंटे 20 मिनट रहे। सुबह 7.20 बजे इनोवा कार से पहुंचे। प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जाने के करीब आधे घंटे बाद विराट-अनुष्का लौटे।
इस दौरान विराट-अनुष्का ने आश्रम के कामों को देखा-समझा। विराट कोहली का वृंदावन का यह तीसरा दौरा था। इससे पहले वह 4 जनवरी 2023 और 10 जनवरी 2025 को वृंदावन आए थे। दोनों बार प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी। विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा था- टेस्ट क्रिकेट ने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया, वो पाठ सिखाए जो जिंदगीभर मुझे याद रहेंगे। विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने 30 शतक और 31 अर्धशतक बनाए। विराट ने 7 दोहरे शतक लगाए। विराट कोहली वृंदावन में होटल रेडिसन में रुके हैं।