
नयी दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को अपना 67वां जन्मदिन मना रही हैं। 20 जून 1958 को जन्मी राष्ट्रपति मुर्मू को देशभर के राजनेताओं ने विशेष शुभकामनाएं दी हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गज नेता शामिल हैं। इस खास अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपना जन्मदिन उत्तराखंड के राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में मनाएंगी, जहां वे स्थानीय लोगों को एक बड़ी सौगात भी देंगी। राष्ट्रपति मुर्मू इस मौके पर 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखकर इस परियोजना का शुभारंभ करेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति को बधाई देते हुए लिखा राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। ईश्वर उन्हें लोगों की सेवा करते हुए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर ट्वीट कर बधाई दी, अमित शाह ने लिखा, ‘आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। असंख्य संघर्षों के बाद भी राष्ट्र और जनसेवा के लिए आपका संकल्प नारी शक्ति के नेतृत्व व सामर्थ्य का जीवंत प्रतीक है। देश के वंचितों और महिलाओं के कल्याण की दिशा में आपका संघर्ष और समर्पण हर किसी को प्रेरित करता है। आपके स्वास्थ्यपूर्ण सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूँ।
खरगे, राहुल ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की दी बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 67वें जन्मदिन पर शुक्रवार को उन्हें बधाई दी तथा उनके दीर्घायु होने की कामना की। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कांग्रेस की ओर से, हम भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। कामना है कि राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति उनकी बुद्धिमत्ता और अटूट समर्पण देश को सच्चाई और शुचिता के मार्ग पर ले जाए।” उन्होंने कहा, “हम उनके लंबे, स्वस्थ और पूर्ण जीवन की कामना करते हैं।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, माननीय राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करता हूं। मुर्मू ने 2022 में राष्ट्रपति पद संभाला था और वह आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली पहली राष्ट्रपति हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर ट्वीट कर बधाई दी, उन्होंने ने लिखा, सेवा और सादगी की प्रतीक, मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई! भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ, स्वस्थ व यशस्वी जीवन की प्रार्थना है।