भाजपा नेता का अश्लील वीडियो वायरल, सियासत में उबाल

बलिया (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश की राजनीति इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर गरमा गई है, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और रसड़ा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बब्बन सिंह रघुवंशी एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से फैल रहा है और इसके चलते राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है। विपक्ष जहां भाजपा की नैतिकता पर सवाल उठा रहा है, वहीं बब्बन सिंह इसे साजिश करार देकर अपनी ही पार्टी के नेताओं पर आरोप मढ़ रहे हैं।

वायरल हो रहे इस वीडियो में बब्बन सिंह एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान एक महिला के साथ मंच पर आपत्तिजनक हरकत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिला उनकी गोद में बैठी है और वे उसे छूते और चूमते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह सब एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दर्ज हुआ, जहां दर्जनों लोग मौजूद थे।

समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज राजभर ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, जो लोग दिन-रात नैतिकता और संस्कृति का भाषण देते हैं, उनके असली चेहरे को जनता देख रही है। यह दोहरे चरित्र का उदाहरण है।

कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने भी इसे “महिलाओं की गरिमा पर हमला” बताया और कहा कि भाजपा के सार्वजनिक नैतिक रुख की यह असलियत है। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट को डिलीट कर दिया।

वहीं, बब्बन सिंह रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत में सफाई देते हुए कहा कि यह वीडियो बिहार में एक शादी समारोह का है और उन्हें बदनाम करने की साजिश के तहत वायरल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो स्थानीय भाजपा विधायक केतकी सिंह और उनके पति ने बनाया और वायरल किया है।

उन्होंने कहा, मैं 70 वर्ष का हूं, इस तरह की हरकत करने की स्थिति में नहीं हूं। यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और मेरे खिलाफ रची गई साजिश का हिस्सा है।

साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर उनके और केतकी सिंह के बीच विवाद चल रहा था, जिससे नाराज होकर उन्हें फंसाने की कोशिश की गई।

फिलहाल भाजपा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे अटकलों का बाजार और गर्म हो गया है। पार्टी की चुप्पी को विपक्ष मुद्दा बना रहा है, जबकि आम जनता सोशल मीडिया पर इस मामले पर जमकर चर्चा कर रही है।

Related Articles

Back to top button