
लखनऊ। बुधवार देर रात आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में एक दुखद घटना घटित हुई, जब वैंकुठ द्वार दर्शन टिकट काउंटर पर भगदड़ मच गई। इस घटना में कम से कम छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह घटना रात करीब साढ़े 9 बजे के आसपास हुई, जब दर्शन के लिए टोकन जारी किए जा रहे थे।
घटना के बाद उत्तर प्रदेश से भाजपा एमएलसी राम चंद्र प्रधान समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। राम चंद्र प्रधान ने कहा, “आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में हुई भगदड़ में कई श्रद्धालुओं के हताहत होने की खबर अत्यंत चिंताजनक है। मेरी संवेदनाएँ सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मैं भगवान तिरुपति बालाजी से प्रार्थना करता हूँ कि वे मृतकों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
यह घटना श्रद्धालुओं के लिए एक गहरा आघात रही है, और इस घटना के बाद मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस प्रकार की घटनाओं से बचने के लिए मंदिर परिसर में सुरक्षा के इंतजामों को और सख्त किया जाएगा।
 
 



