रक्षा मंत्री से मिले अम्बर फाउंडेशन के चेयरमैन, लखनऊ में विकास, शिक्षा, चिकित्सा के पहलूओं पर की चर्चा

लखनऊ। अम्बर फाउंडेशन के चेयरमैन वफा अब्बास ने दिल्ली में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। खास मुलाकात के दौरान उन्होंने लखनऊ के विकास, युवाओं के लिए चल रहे फाउंडेशन के कार्यक्रमों और स्थानीय मुद्दों के अलावा शिक्षा और चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिलने पर वफा अब्बास ने कलेक्टर बिटिया अभियान की तैयारियों और फाउंडेशन की ओर से चलाये जा रहे फ्री कंप्यूटर कोर्स में अब तक 765 एडमिशन होने की जानकारी दी।

राजनाथ सिंह ने अंबर फाउंडेशन की गतिविधियों और समाज कल्याण के प्रयासों को सराहा। उन्होंने वफा अब्बास को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों से लखनऊ के युवाओं को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने फाउंडेशन के कार्योंं को जारी रखने का आग्रह किया और लखनऊ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ मेरे लिए केवल एक संसदीय क्षेत्र नहीं बल्कि एक भावनात्मक रिश्ता है। मैं हमेशा से लखनऊ के विकास और यहां के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देता रहा हूं। उन्होंने लखनऊ के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए अंबर फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और वफा अब्बास को इस दिशा में निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

वफा अब्बास ने बताया कि यह मुलाकात न केवल अंबर फाउंडेशन के कार्यों की सराहना का प्रतीक थी, बल्कि यह भी दर्शाती है कि राजनाथ सिंह अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद अपने संसदीय क्षेत्र और उससे जुड़े मुद्दों के प्रति कितने समर्पित हैं। वफा ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात जल्द ही लखनऊ के पिछड़े इलाकों में रंग लायेगी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों के लिए भारत सरकार की जो योजनाएं हैं इसी सिलसिले में दिल्ली आया हूं। जल्द ही लखनऊ लौटकर योजनाओं की विस्तार से जानकारी दूंगा।

Related Articles

Back to top button