किसानों के लिए रालोद के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे: शिव करण सिंह

राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी द्वारा एन0डी0ए0 में शामिल होकर किसान हितों के लिए किए जा रहें सार्थक प्रयासों के लिए उनकी सराहना करते हुए उनके हाथों को मजबूत करने का संकल्प लिया।

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश के कोने कोने से आए हजारों किसानों ने मंगलवार को भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसान मसीहा श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हुए रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी द्वारा एन0डी0ए0 में शामिल होकर किसान हितों के लिए किए जा रहें सार्थक प्रयासों के लिए उनकी सराहना करते हुए उनके हाथों को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर किसानों द्वारा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक शिव करन सिंह तथा किसानों की आवाज बुलंद करने वाले राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे का फूलमाला, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।

इस मौके पर किसानों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक व राष्ट्रीय महासचिव शिव करण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों के लिए शुरू से संघर्ष करता चला आ रहा है और अब सरकार में रहकर किसानों के विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। आगे उन्होंने कहा कि किसानों के लिए रालोद के दरवाजे हमेशा खुले हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की स्थापना ही किसान हितों को लेकर हुई है और राष्ट्रीय लोकदल ने किसान हितों व उनके मान सम्मान व स्वाभिमान के विपरीत न पहले कोई समझौता किया था और न अब करेगा। किसानों के लिए जब भी जरूरत पड़ी तो चौधरी परिवार हमेंशा किसान के साथ खड़ा नजर आया।

उन्होंने किसानों द्वारा किए गए स्वागत के लिए कहा कि फूल माला की एक-एक पंखुड़ी उनके लिए कर्ज के समान है जिसका वह ऋण कभी चुका नहीं पाएंगें।

इस दौरान किसानों के नेता रामचन्द्र सिंह, गजेन्द्र दुबे, अशोक कुमार यादव, जर्नादन गुप्ता, राघवेन्द्र सिंह, विष्णु कुमार मिश्रा, डाॅ0 वी0पी0 सिंह आदि नेताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सम्बोधित ज्ञापन भी दिया। जिसमें किसानों के समस्त कृषि ऋण माफ करने, गोमती नगर के किसानों की 35 वर्ष पूर्व अधिकृत की गयी भूमि का बकाया मुआवजा दिलाने, जनपद हरदोई की ग्राम सभा पुरवा देवरिया की चकबन्दी निरस्त करने, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे में पटरी के समानान्तर रोड बनवाने आदि प्रमुख मागें सम्मिलित हैं।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रमावती तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष बी0एल0 प्रेमी, अवध क्षेत्र के संगठन महासचिव डाॅ0 आर0पी0 सिंह, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button