
लखनऊ । मध्यप्रदेश का किला फतह करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है, इस कड़ी में एक के बाद एक बड़े नेता राज्य में चुनावी रैली कर रहे हैं। पहले राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया था और अब इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी राज्य के मंडला पहुंची, यहां प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की रैली को संबोधित किया।
मध्य प्रदेश के मंडला में प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर सीधा हमला किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जितने भी अधिकार कांग्रेस ने लोगों को दिए और उनकी मजबूती के लिए जो-जो काम किए भाजपा ने एक-एक कर सारे अधिकार छीन लिए।
प्रियंका बोलीं कि आज सरपंचों के अधिकारों में कटौती है, मनरेगा को लागू ही नहीं किया, पलायन और बढ़ गया है। यहीं नहीं रोजगार के मुद्दे पर भी प्रियंका गाँधी बीजेपी पर निशाना साधने से नहीं चूकीं और कहा कि गांव में रोजगार नहीं मिल रहा है और लोगों की जमीने छीनी जा रही हैं, फसल के सही दाम नहीं मिलते और विरोध करने पर गोलियां बरसाई जाती हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि वन का अधिकार खत्म कर दिया और कमलनाथ जी ने पट्टे दिए थे वो काम भी भाजपा सरकार ने रोक दिया।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान पहले ही हो चुका है, यहां 17 नवंबर को वोटिंग होगी और चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।