उत्तर प्रदेशक्राइम

मनबढ़ युवक ने ईंट-पत्थर से मारकर की वृद्धा की हत्या, गिरफ्तार

आजमगढ़ I जिले के निजामाबाद थाना के शेखपुर दाउद गांव में बृहस्पतिवार की देर रात एक मनबढ़ युवक ने वृद्ध पर ईट-पत्थर से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही काफी खोजबीन के बाद आरोपी युवक और उसके पिता को देर रात गिरफ्तार कर लिया। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

मृतक छट्टू राम 70 निजामाबाद थाना के शेखपुर दाउद का निवासी था। ग्रामीणों के अनुसार बृहस्पतिवार की रात 11 बजे उसके ही पट्टीदार दिनेश 28 पुत्र बाबू राम ने ईंट-पत्थर से उस पर हमला बोल दिया। इस हमले में छट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गई। वृद्ध की मौत के बाद युवक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसके पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

वहीं इस पूरे मामले में फरिहां चौकी इंचार्ज सुल्तान सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर वृद्ध की मौत के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पांच बेटियां हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी युवक की गांव में किसी से विवाद हुआ था, वहां से लौटने के बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया। बताते चलें कि फरवरी 2023 में आरोपी युवक दिनेश राम ने मृतक के घर में चोरी की भी घटना को अंजाम दिया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवार में रंजिश चल रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button