उत्तर प्रदेशराजनीति
Trending

भारत में हर साल 23 अगस्त को मनाया जायेगा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, लैंडिंग पॉइंट होगा शिव-शक्ति

यूनान से सीधे बेंगलुरु पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सराहना करते हुए शनिवार को कहा कि चंद्रयान-3 लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर उतरा है, उसका नाम शिव-शक्ति पॉइंट रखा जाएगा और 23 अगस्त राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

यूनान से सीधे बेंगलुरु पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। मोदी ने कहा कि चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने 2019 में अपने पदचिह्न छोड़े थे, उसे तिरंगा पॉइंट के नाम से जाना जाएगा और चंद्रयान-3 लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर (टच डाउन पॉइंट) उतरा है, उसका नाम शिव-शक्ति पॉइंट रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने की याद में भारत 23 अगस्त राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाएगा। मोदी ने वैज्ञानिकों को चंद्रयान-3 मिशन की सफलता की बधाई देते हुए कहा, यह कोई मामूली उपलब्धि नहीं है। यह अनंत ब्रह्मांड में भारत की वैज्ञानिक उपलब्धि की जोरदार उद्घोषणा है। उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों से कहा, आपने एक पूरी पीढ़ी को जागृत किया है और उन पर गहरी छाप छोड़ी है।

आप मेक इन इंडिया को चंद्रमा तक लेकर गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारत चंद्रमा पर है और देश का राष्ट्रीय गौरव भी चंद्रमा पर है। उन्होंने यहां स्थित इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क रवाना होने से पहले एचएएल हवाई अड्डे के बाहर एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान और भविष्य में विश्वास करने वाले दुनियाभर के लोगों में भारत की इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button