सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियाद, त्वरित निस्तारण का दिए निर्देश
जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 220 जन की उपस्थिति रही, मुख्यमंत्री ने एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राजकीय आवास पर जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनी। सीएम योगी ने जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 220 जन की उपस्थिति रही, मुख्यमंत्री ने एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि सबकी समस्या का निस्तारण कराना उनकी प्रतिबद्धता है। सीएम योगी ने लोगों को समस्याओं को त्वरित निस्तारण करने का अधिकारियों को निर्देश दिया और लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। सीएम योगी ने अधिकारियों को दो टूक हिदायत भी दी कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।
किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।