महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने किये राम लला के दर्शन
मुख्यमंत्री शिंदे के साथ महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी साथ पहुंचे।

अयोध्या। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सुबह 11 बजे राम नगरी अयोध्या पहुंच गए। राम कथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरा। मुख्यमंत्री शिंदे के साथ महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी साथ पहुंचे। हेलीपैड से एक खुली गाड़ी में सवार होकर मुख्यमंत्री समेत सभी वरिष्ठ नेता लता चौक पहुंचे।
पढ़ें : भाजपा में शामिल हुए आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम किरण कुमार रेड्डी
उनके साथ हजारों की तादात में शिवसैनिक भी मौजूद रहे। लगभग एक दर्जन महाराष्ट्र सरकार के मंत्री भी अपने नेता के साथ रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। लता चौक के बाद सभी रामलला के दर्शन के लिए गेट नंबर 3 से प्रवेश किए। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे पैदल ही रामलला के दर्शन के लिए निकले। इस बीच उन्होंने स्वर्गीय रामचंद्र दास परमहंस समाधि स्थल पर नमन भी किया।
वे हमारी नकल कर रहे हैं : संजय राउत
इसके बाद शिंदे के इस अयोध्या दौरे को लेकर उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने भी बयान दिया है । राउत ने कहा, हम भी भगवान राम को मानते हैं । हम कई बार अयोध्या भी जा चुके हैं। लेकिन बीजेपी कभी हमारी पार्टी के साथ नहीं आई । बाबरी कांड हुआ तो भाग गए। महाराष्ट्र में किसान बारिश और ओलावृष्टि से परेशान हैं लेकिन इन सभी मुद्दों को नजरअंदाज करते हुए राज्य की सरकार अयोध्या चली गई। क्या भगवान राम उन पर कृपा करेंगे? वे हमारी नकल कर रहे हैं। जनता जानती है कौन असली है और कौन नकली।