बरदह थाना क्षेत्र के 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बरदह थानाध्यक्ष संजय सिंह मंगलवार सुबह पुलिस टीम के साथ बरौना बजार के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उपनिरीक्षक गोपाल ने फोन कर बताया कि एक संदिग्ध पल्सर सवार खेतासराय जौनपुर की तरफ जा रहा है।

आजमगढ़। जिले में शातिर बदमाशों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। मंगलवार की सुबह बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा तिराहे के पास पुलिस की 25 हजार के इनामी बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। वह पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गया। मंडलीय अस्पताल में उसका उपचार कराया गया। उसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। वह चोरी व लूट के आठ मामले में वांछित था।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बरदह थानाध्यक्ष संजय सिंह मंगलवार सुबह पुलिस टीम के साथ बरौना बजार के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उपनिरीक्षक गोपाल ने फोन कर बताया कि एक संदिग्ध पल्सर सवार खेतासराय जौनपुर की तरफ जा रहा है। कमालपुर चौराहे पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह चकमा देते हुए तेजी से बर्रा की तरफ निकल गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने बर्रा तिराहा के पास घेराबंदी कर ली। कुछ देर बाद पल्सर सवार आता दिखा।
पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिसकर्मियों को नजदीक आते देख बदमाश फायरिंग करते हुए पैदल भागने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। जिससे वह गिर पड़ा। आरोपी की पहचान सूरज कुमार उर्फ डंपी निवासी गहुनी थाना मेंहनगर के रूप में हुई।
वह 25 हजार का इनामी है। उसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। घायल बदमाश का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पर चोरी के पांच व लूट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।